6:34 pm Friday , 11 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ विहिप की तत्परता, युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा

बदायूं। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहल्ला खाकरोबान खंडसारी में कथित रूप से नशीला पदार्थ बेच रहे कुछ युवकों को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद छह सड़का चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई।

घटना की जानकारी मिलने पर विहिप के जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने उच्चाधिकारियों को फोन के माध्यम से पूरे मामले से अवगत कराया और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विहिप पदाधिकारियों ने कहा कि नशीले पदार्थों का बढ़ता कारोबार समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

विहिप ने क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित अभियान चलाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की।

इस दौरान जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला सह संयोजक आशीष उपाध्याय, सत्येंद्र, सोनू द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस