# राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुँचा जिला जेल में बंद कांग्रेसियों के साथ बदसलूकी का मामला
#कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने मानवाधिकार आयोग में दर्ज कराई शिकायत
#कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं – अजीत यादव
————————————————————————–
बदायूँ।11 सितंबर। जिला जेल में बंद कांग्रेसियों के साथ हुई बदसलूकी और उत्पीड़न का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने इस बाबत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
शुक्रवार को जारी बयान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि शिकायत में कहा गया कि दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में मरे दलित राजेश कोरी की विधवा रूपवती कोरी न्याय की मांग को लेकर 03 सितंबर 2026 को अटसेना गांव में अम्बेडकर प्रतिमा के सामने धरने पर बैठी थीं ,उनका समर्थन करने गए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव और तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अजीत यादव को बिनावर थाने में निरुद्ध कर नेकपुर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया । तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर , सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव और ड्राइवर सुभाष जाटव को बदायूँ जिला जेल भेज दिया था। उनके साथ बदायूँ जिला जेल में 03 सितंबर 2026 की रात को जेलकर्मियों द्वारा बदसलूकी की गई। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियाँ दी गईं। लैट्रिन के गटर साफ कराए गए। शिकायत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी करने के दोषियों पर कार्यवाही की मांग की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। गिरफ्तारी , हाउस अरेस्ट, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने से और उत्पीड़न से कांग्रेसी डरने वाले नहीं हैं। बदायूँ में दलितों को न्याय के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि भाजपा सरकार दलितों पर अत्याचार कर रही है। दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में दलित युवक राजेश कोरी की मौत हो गई। भाजपा सरकार राजेश कोरी की मौत की न्यायिक जांच कराने और उसकी विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी व मुआवजा देने को तैयार नहीं है। न्याय मांग रही रूपवती कोरी की आवाज को भाजपा पुलिस के बल पर दबा रही है। कहा कि भाजपा सरकार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ 0भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने को अपराध घोषित कर सीकरी गांव में मुकदमा लगाकर जाटव समाज के दर्जन भर भाइयों बहनों को जेल भेज दिया है।उन्होंने कहा कि दलितों की आवाज उठाने के चलते कांग्रेसियों पर भाजपा सरकार पुलिस दमन करवा रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि 2027 में कांग्रेस के समर्थन से बनने वाली प्रदेश सरकार में सीकरी गांव में जाटव समाज पर लगा मुकदमा वापस लिया जाएगा , बाबा साहब डॉ 0 अम्बेडकर की प्रतिमा हटाए गये स्थान पर सम्मानपूर्वक लगाई जाएगी। दातागंज पुलिस हिरासत में हुई राजेश कोरी की मौत की न्यायिक जांच कराई जाएगी और उसकी विधवा रूपवती कोरी को सरकारी नौकरी और आवास व मुआवजा दिया जायेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


