उझानी में विवाहिता की रहस्यमय मौत, ससुराल पक्ष ताला डालकर फरार।
उझानी (बदायूं) 10 सितंबर।
नगर के रामलीला ग्राउंड मोहल्ले में बुधवार रात घरेलू कलह के चलते विवाहिता की रहस्यमय तरीके से मौत की सूचना है कुछ लोगों का कहना है मृतका ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला डालकर फरार हो गए।
मृतका की पहचान नीतू (28) पत्नी आकाश, पुत्रवधू राजीव साहू के रूप में हुई है। बताया गया है कि नीतू की शादी को चार साल हुए हैं और उसका दो वर्ष का एक बेटा भी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे घर में कहासुनी के बाद नीतू ने फंदा लगा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में नगर के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गये। मेडिकल कॉलेज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी।
मृतका का मायका जनपद कासगंज में है। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि मायका पक्ष से तहरीर मिल गई है। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


