उझानी के मुख्य डाकघर की इमारत जर्जर, हादसे का खतरा, डीएम से भवन खाली कराने की मांग।
उझानी बदांयू 10 सितंबर।
उझानी नगर के स्टेशन रोड, मुख्य बाजार में किराए की बिल्डिंग में संचालित मुख्य डाकघर की इमारत बेहद जर्जर हालत में पहुंच गई है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसे लेकर सहकारी क्रय-विक्रय समिति उझानी के सभापति किशन चंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी बदायूँ को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि डाकघर प्रथम तल पर चल रहा है। भवन का लिंटर का कुछ हिस्सा गिर चुका है। बचे हिस्से से लगातार ईंट व प्लास्टर गिर रहे हैं। बचाव के लिए लिंटर के नीचे टीन की चादर लगाई गई है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी जर्जर भवन के नीचे पूरा बाजार संचालित हो रहा है, सामने ही पंजाब नेशनल बैंक संचालित है, जहां हर समय लोगों की भारी भीड़ रहती है। डाकघर में भी प्रतिदिन सुबह से ही आधार कार्ड और अन्य कार्यों के लिए नागरिकों की भीड़ लगी रहती है। ऐसे में यदि भवन गिरता है तो बड़ी जनहानि हो सकती है।
ज्ञापन में चार प्रमुख मांगे रखी गई हैं – लोक निर्माण विभाग (PWD) से भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए।
जांच पूरी होने तक भवन को तुरंत खाली कराकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
डाकघर को किसी सुरक्षित वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित किया जाए। जिससे कोई हादसा ना हो।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस प्रकरण को अत्यंत आवश्यक मानते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।
श्री शर्मा की तरफ से इस ज्ञापन की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ, पोस्टमास्टर जनरल बरेली, उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उझानी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और डाक अधीक्षक बदायूँ को भी भेजी गई है।




राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


