




उझानी में चढ़ा अस्सी के दशक का बुखार, हीरो-हीरोइन से लेकर नेता तक चैटजीपीटी पर बना रहे रेट्रो लुक।
युवाओं में नया क्रेज, पापा के जमाने की एलबम जैसी फोटो देख लोग बोले – क्या बात है।
उझानी, बदायूं 10 सितंबर ।
घिबली और कार्टून वाला दौर अब पुराना हो गया। अब उझानी से लेकर पूरे देश में अस्सी के दशक का जादू सिर चढ़ कर बोल रहा है। शहर के लड़के-लड़कियां अपनी आज की फोटो को चैटजीपीटी से अस्सी के दशक वाली विंटेज फोटो में बदल रहे हैं।
यह ट्रेंड अब सिर्फ आम लोगों तक नहीं रहा। बड़े-बड़े नामचीन हीरो-हीरोइन के फैन पेज से लेकर देश के बड़े राजनेता भी इसी ट्रिक से अपनी फोटो अपडेट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, मिथुन चक्रवर्ती और अनिल कपूर जैसे हीरो के पुराने दौर वाले लुक में लोगों की फोटो वायरल हो रही हैं। वहीं रेखा, श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और जीनत अमान जैसी हीरोइनों वाले बड़े बाल, बड़ी बिंदी और पुरानी साड़ी वाले अंदाज को लड़कियां खूब पसंद कर रही हैं।
राजनीति भी इससे अछूती नहीं है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने खुद अपनी अस्सी वाली फोटो डाली जिसमें वे ग्रे सूट, सफेद शर्ट और बड़े वाले काले चश्मे में बिल्कुल रेट्रो फिल्मी हीरो लग रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं का अस्सी के दशक वाला वीडियो भी साझा किया गया है।
उझानी के युवाओं का कहना है कि पहले ऐसी फोटो के लिए स्टूडियो के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब एक लाइन लिखते ही पापा की शादी वाली एलबम जैसी फोटो तैयार हो जाती है। व्हाट्सएप स्टेटस से लेकर इंस्टाग्राम रील तक बस यही तस्वीरें छाई हुई हैं। इस समय शहर के ज्यादातर लोगों के सोशल मीडिया हेंडल पर ऐसी ही तस्वीरें छाई हुई है।
कैसे बनती है ऐसी फोटो-अपने फोन में चैटजीपीटी खोलें और एक साफ सामने वाली फोटो डालें।
साथ में यह लिखें – इस तस्वीर को अस्सी के दशक के पुराने बॉलीवुड पोस्टर जैसा बना दो। चेहरे के नैन-नक्श और रंग में कोई बदलाव मत करना। बाल बड़े और घुंघराले कर दो, पुराने जमाने के कपड़े पहना दो, पीछे स्टूडियो वाली रोशनी और पुरानी फिल्म जैसी धुंधली चमक डाल दो।
अगर डिस्को वाला लुक चाहिए तो लिखें – डिस्को वाले जमाने का पर्दा लगा दो। कुछ ही मिनट में फोटो तैयार।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


