11:46 am Thursday , 10 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी-पालिका बोर्ड ने बढ़ाईं नक्शा पास की दरें, स्टेशन रोड को मिला महाराजा अग्रसेन का नाम

उझानी-पालिका बोर्ड ने बढ़ाईं नक्शा पास की दरें, स्टेशन रोड को मिला महाराजा अग्रसेन का नाम।

उझानी (बदायूं) 10 सितंबर ।

नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में बुधवार को बड़े फैसले लिए गए। बोर्ड ने आय बढ़ाने के लिए भवन मानचित्र स्वीकृति शुल्क में भारी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी। वहीं शहर के मुख्य स्टेशन रोड का नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन मार्ग करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लग गई। बैठक में विकास से जुड़े कुल 6 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए।

नवनिर्मित सभागार में दोपहर शुरू हुई बैठक में पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने विकास कार्यों पर चर्चा की। पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने जनसुविधाओं को बेहतर करने पर जोर दिया।

अवर अभियंता की रिपोर्ट पर बोर्ड ने बताया कि अभी तक भूतल से तृतीय तल तक नक्शा पास कराने का शुल्क मात्र 3500 रुपये था। इससे पालिका को राजस्व का नुकसान हो रहा था। अब नई दरें तय की गई हैं। आवासीय भवन के लिए भूतल- 5000, प्रथम तल- 6500, द्वितीय तल- 7500 और तृतीय तल के लिए 8500 रुपये देना होगा। जबकि व्यावसायिक भवन के लिए भूतल- 12000, प्रथम तल- 13000, द्वितीय तल- 14000 और तृतीय तल के लिए 15000 रुपये शुल्क तय किया गया है।

बोर्ड ने नवसृजित बस्तियों में सुविधाएं पहुंचाने को, सड़कों की मरम्मत, जलभराव की समस्या से निजात के लिए पुलियों के निर्माण और शहर में स्वागत द्वार बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए नए खंभे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अप्रैल से जुलाई 2026 तक का आय-व्यय का ब्यौरा, जन्म-मृत्यु के आंकड़े और शासनादेश 4 जुलाई 2024 की कर नियमावली 2024 व 9 मई 2025 की मानक उपविधि 2025 को भी लागू करने पर सहमति बनी।


बैठक में सभासद रामप्रवेश यादव,अवनीश शर्मा, आदित्य कुमार शर्मा, रामादेवी, प्रेमचंद्र, अंजू देवी, ज्ञानेंद्र कुमार, जया अग्रवाल, मीर जहां, मुन्नी देवी, रियासत खान, सोनल, राजवती, मिथलेश कुमारी, श्रीकृष्ण भगवान यादव, गजेंद्र प्रताप सिंह, सागर छाबड़ा, रेनू यादव, रक्षपाल सिंह, सुनीता देवी, नफीस अहमद, हीराज बेगम, अधिशासी अधिकारी मणि सैनी, लिपिक राजकुमार गुप्ता, निखिल मिश्रा और आकाश सक्सेना आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस