उझानी: नगर पालिका ने बनवाई नई सड़क, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने किया उद्घाटन।
उझानी बदांयू 7 सितंबर।
उझानी में नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। नई सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों के साथ ही आदर्श इंटर कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।
इस मौके पर पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि उझानी में अब सड़कों का बुरा हाल खत्म हो चुका है। उनकी प्राथमिकता है कि शहर में एक भी सड़क टूटी-फूटी न रहे। विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने कहा कि शहर में विकास कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। जब मामला किसी शिक्षण संस्थान और बच्चों के भविष्य से जुड़ा हो तो उसकी प्राथमिकता और बढ़ जाती है। इस सड़क के बनने से विद्यार्थियों को आवागमन में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
अधिशासी अधिकारी मणिजी सैनी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में जरूरत के हिसाब से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, जल निकासी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।
वहीं आदर्श इंटर कॉलेज के डायरेक्टर टेकचंद यादव ने सड़क निर्माण के लिए पूर्व मंत्री और पालिका अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से अब छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
इस अवसर पर रामप्रवेश यादव, आरती यादव, रूपेश यादव, स्नेह शर्मा, शिव किशोर टामसन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


