बागपत हादसा: बदायूं के 13 लोगों की मौत से जिले में शोक, गांवों में पसरा मातम, आज होगा अंतिम संस्कार।
उझानी बदांयू 8 सितंबर।
बागपत में हुए भीषण सड़क हादसे ने बदायूं जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। हादसे में जिले के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांवों में कोहराम मच गया। सभी शव देर रात तक गांव पहुंच गये है, जिनका अंतिम संस्कार मंगलवार आज किया जाएगा।
हादसे में सबसे बड़ा नुकसान उझानी कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव को हुआ है। यहां के 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में साधु सिंह, उनकी पत्नी मुन्नी देवी और उनके भाई प्रेम सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अन्य मृतक भी इसी गांव के निवासी हैं। एक ही गांव से सात अर्थियां उठने की खबर से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है।
वहीं मुजरिया थाना क्षेत्र के सराय मुड़िया खागी गांव में भी हादसे ने कहर बरपाया है। यहां के विकास के 6 वर्षीय बेटे गौरव और 3 वर्षीय बेटी दीक्षा की इस हादसे में जान चली गई।
जिले के कई परिवारों ने अपने सगे-संबंधियों को खोया है। कहीं सगे भाई-बहन ने एक साथ दम तोड़ा तो कहीं दो सगे भाइयों की एक साथ मौत हो गई।
हादसे के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण देर रात तक शवों के पहुंचने का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों के मुताबिक आधी रात के बाद शव गांव पहुंचे। गांवों में चूल्हे तक नहीं जले और हर तरफ मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की ओर से परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


