7:03 pm Monday , 7 September 2026
BREAKING NEWS

बागपत हादसे में उझानी के एक ही परिवार के 3 की मौत, अल्लापुर चमारी में पसरा मातम

बागपत हादसे में उझानी के एक ही परिवार के 3 की मौत, अल्लापुर चमारी में पसरा मातम।

गोगामेड़ी धाम से लौट रही पिकअप ईस्टर्न पेरिफेरल पर पलटी, 32 श्रद्धालु थे सवार।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

उझानी (बदायूं)7 सितंबर ।

राजस्थान के गोगामेड़ी स्थित बागड़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के बागपत में हादसे का शिकार होने की खबर ने उझानी को हिला कर रख दिया है।

बागपत के बड़ागांव टोल के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात करीब 12.30 बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप संख्या यूपी-24 एटी 1819 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पिकअप में बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव सहित चेतूनगला के 32 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि 20 से ज्यादा घायल हैं। घायलों को सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल बागपत में भर्ती कराया गया है, कई गंभीर घायलों को मेरठ और दिल्ली रेफर किया गया है।

मरने वालों में अल्लापुर चमारी निवासी एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। मृतकों की पहचान साधु सिंह यादव (65), उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55) और छोटे भाई प्रेम सिंह (50) के रूप में हुई है। तीन मौतों की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।

परिजनों ने बताया कि साधु सिंह अपनी बेटी बीना को भी साथ ले जाना चाहते थे। उन्होंने कहा था- सांस का मरीज हूं, पता नहीं कब जिंदगी खत्म हो जाए, चल ले। बीना किसी कारण से साथ नहीं जा सकी। पत्नी मुन्नी देवी भी यात्रा पर जाने के पक्ष में नहीं थीं, लेकिन साधु सिंह की जिद पर साथ गईं। यही जिद अब परिवार के लिए जीवन भर का दर्द बन गई।

हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस रात साधु सिंह की सांसें थमीं, उसी रात करीब 1 बजे उनके घर पोते का जन्म हुआ। साधु सिंह लंबे समय से छोटे बेटे को बेटा होने की मन्नत मांग रहे थे। घर में एक तरफ नवजात की किलकारी गूंजी तो दूसरी तरफ तीन अर्थियों का गम।

साधु सिंह और मुन्नी देवी के सात बच्चे हैं, पांच बेटियां और दो बेटे। छह की शादी हो चुकी है, बड़ा बेटा प्रमोद अविवाहित है। पिता की मौत से बेटी बीना बेसुध है।

एसडीएम ने सोमवार को गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और शासन को रिपोर्ट भेजी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस