4:50 pm Monday , 7 September 2026
BREAKING NEWS

बदांयू वालों की आस्था बनी काल, एक झटके में उजड़ गए 13 परिवार; ईस्टर्न पेरिफेरल पर बिखरीं लाशें

बागपत / बदांयू 7 सितंबर।

रिपोर्ट – राजेश वार्ष्णेय एमके।

राजस्थान के बागड़ धाम (गोगामेड़ी) से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बागपत के समीप काल ने रौंद दिया। तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर के बाद श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में 7 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 मासूम बच्चे शामिल हैं।

पिकअप में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे। सभी यूपी के बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव चेतू नगला अल्लापुर चमारी गांव के रहने वाले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रविवार देर रात करीब 1 बजे खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ। जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बेकाबू पिकअप डिवाइडर से टकराई और घिसटते हुए सड़क के बीचों-बीच पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि शव 30 मीटर दूर तक बिखर गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और एक्सप्रेस-वे पर पड़े घायलों को सड़क किनारे किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में घायल कुंवरपाल ने रोते हुए बताया- “हम सभी बदायूं के चेतू नगला अल्लापुर चमारी गांव के रहने वाले हैं। या हम लोगों के रिश्तेदार हैं। सभी हंसी-खुशी बागड़ धाम से लौट रहे थे। रात में गाड़ी में सभी सो रहे थे। अचानक तेज आवाज आई और गाड़ी पलट गई। ड्राइवर ने बताया कि पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी।

मृतक रामेश्वर यादव के रिश्तेदार विमलेश कुमार यादव ने बताया कि गांव के लोग एक ही गाड़ी से राजस्थान गए थे। पिछले 20 साल से गांव के लोग हर साल बागड़ धाम जाते हैं। इस बार खुशी-खुशी गए थे, लेकिन लौटते वक्त यह खबर आई तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय जिला अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है।

हादसे में मरने वालों की सूची –
1. मुन्नी देवी (55), 2. सुगड़पाल (40), 3. साधु (60), 4. रामेश्वर यादव (60), 5. प्रेमसिंह (40), 6. जितेंद्र (7), 7. प्रेमवती (50), 8. दीक्षा (2), 9. भानुमति (52), 10. विकास (32), 11. मूर्ति (35), 12. सौरव (4) और 13. 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति।

विज्ञापन एक्सप्रेस