बदायूँ : 06 सितंबर। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जनपद बदायूँ में क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन 07 सितंबर 2026 को डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यशाला का आयोजन प्रथम पाली में प्रातः 10 बजे से तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे से किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्देश्य जनपद में स्थापित राजकीय पालीटेक्निक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डिग्री कॉलेज, कौशल विकास मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र सहित विभिन्न संस्थानों से जुड़े युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यशाला में युवाओं को योजना के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, ऋण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रथम पाली में राजकीय पालीटेक्निक एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों सहित अन्य निर्धारित प्रतिभागियों को प्रतिभाग कराया जाएगा, जबकि द्वितीय पाली में बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं जिला समन्वयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यशाला में युवाओं को उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


