बिल्सी। बिल्सी तहसील के महमूदपुर सोगना गांव में लगातार बारिश के कारण रविवार को एक कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर गईं। हादसे में परिवार के तीन लोग घायल हो गए। दीवार गिरने से घर का घरेलू सामान भी मलबे में दब गया, जिससे परिवार को काफी नकसान हुआ।
महमूदपुर सोगना निवासी नयाल ने बताया कि बारिश के चलते उनके कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में उनके भार्ड प्रेम, बेटी निक्की और पत्नी ममता को चोटें आई हैं। दीवार गिरने के बाद घर में रखा घरेलू सामान भी मलबे में दब गया। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना बिल्सी तहसील प्रशासन को दी है। परिवार ने प्रशासन से हादसे में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही कच्चे मकान की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है। नयाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई बार आवेदन किया था। इसके अलावा ग्राम प्रधान से भी कई बार आवास दिलाने की गुहार लगाई,लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित के मुताबिक, यदि समय रहते पक्के मकान की सुविधा मिल जाती तो परिवार को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। नयाल ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ कच्चे मकान में पिन्नी डालकर गुजर-बसर कर रहे हैं। लगातार बारिश के बीच मकान की दीवार गिरने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है, ताकि परिवार को सुरक्षित रहने के लिए पक्का मकान मिल सके।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


