बदायूं में गंगा-रामगंगा उफान पर, एक दर्जन से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा।
बदायूं 6 सितंबर ।
जिले में गंगा और रामगंगा नदियों का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर बाढ़ की चिंता बढ़ गई है। कछला घाट पर गंगा का जलस्तर 162.63 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर है।
गंगा में अलग-अलग बैराजों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार को नरौरा से 96,219 क्यूसेक, बिजनौर से 1,25,970 क्यूसेक और हरिद्वार से 1,21,609 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की रिपोर्ट है। यह पानी रविवार रात तक कछला पहुंचने की बात कही जा रही है। इससे गंगा का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
उधर, रामगंगा का पानी हजरतपुर से शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन जाने वाले मार्ग पर आ गया है। सड़क पर पानी भरने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है। जलस्तर में और बढ़ोतरी हुई तो संपर्क मार्गों और निचले इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है।
रामगंगा के किनारे चकवा गांव के पास कटान भी हो रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच कटान से ग्रामीणों में भय है। रामगंगा का बरेली डाउनस्ट्रीम जलस्तर 160.890 मीटर दर्ज किया गया है।
रामगंगा के बढ़ते पानी के कारण हजरतपुर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बारिश और नदियों में लगातार बढ़ते पानी के बीच ग्रामीणों को संपर्क मार्गों के प्रभावित होने की चिंता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ राहत और बचाव के इंतजाम तैयार रखने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


