।
पिता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार। आदेश पर मुकदमा पंजीकृत।
उझानी-बदांयू 5 सितंबर।
उझानी थाना क्षेत्र के गांव पियरखंदना निवासी एक पिता ने ससुराल वालों पर दहेज में बुलेट मोटर साइकिल की मांग पूरी न होने पर अपनी बेटी को मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ओमसिंह पुत्र सियाराम ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी ओमसिंह के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री राजकुमारी की शादी आज से लगभग 6 वर्ष पूर्व कस्वा कछला निवासी धर्मेंद्र पुत्र हरीओम के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार की थी। शादी में लगभग 6 लाख रुपये दान दहेज खर्च किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति धर्मेंद्र, ससुर हरीओम, सास राजकुमारी, देवर अमन, ननद कंचन और ननद रचना दहेज से खुश नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में एक बुलेट मोटर साइकिल की मांग करने लगे।
मना करने पर सभी एकराय होकर पुत्री को मारपीट व प्रताड़ित करने लगे। पुत्री ने कई बार फोन पर पिता को घटना की जानकारी दी। पिता जब समझाने ससुराल गए तो कुछ दिन ठीक रहने के बाद फिर से मांग को लेकर प्रताड़ना शुरू कर दी गई।
पीड़ित पिता का आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व दहेज में बुलेट न मिलने से नाराज ससुराल वालों ने उनकी पुत्री राजकुमारी को केवल पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। तब से उनकी पुत्री मायके में ही रह रही है।
उन्होंने कई बार रिश्तेदारों को साथ ले जाकर पंचायत जोड़ी, लेकिन ससुराल वाले अपनी मांग पर अड़े रहे और गंदी-गंदी गालियां देकर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित जब कोतवाली रिपोर्ट लिखाने गया तो पुलिस ने आपस का मामला बताकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मजबूर होकर एसएसपी बदायूं को प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने प्रार्थना पत्र पर इंस्पेक्टर को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश किए ।
इंस्पेक्टर ने मामले में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक विपिन कुमार को नियुक्त किया है और प्रकरण दर्ज कर जांच के लिए कहां गया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


