।
उझानी, बदायूं 5 सितंबर ।
संतोष कुमारी-श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थी के ज्ञान, चरित्र और संस्कार का निर्माता होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य हरिहर शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। गुरु-शिष्य परंपरा ही हमारी संस्कृति की आत्मा है। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन दर्शन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन कक्षा एकादश-अ के छात्र शौर्य कुमार राठौर ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त कर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। कहा कि शिक्षक ही जीवन को सही दिशा देने वाले सच्चे मार्गदर्शक हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अंत में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया और विद्यार्थियों ने गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम सौहार्द, अनुशासन और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


