।
उझानी-बदांयू 5 सितंबर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उझानी एक बार फिर विवादों में है। कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव मुजाहिद रज़ा ने सीएचसी के चिकित्सकों पर मरीजों को बाहर की महंगी दवाएं लिखने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
मुजाहिद रज़ा के अनुसार बुखार होने पर वह आज सीएचसी उझानी में दवा लेने गए थे। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें दो कीमती दवाएं पर्ची पर बाहर मेडिकल स्टोर से लेने के लिए लिख दीं।
जब उन्होंने सवाल किया कि शासन का स्पष्ट आदेश है कि सरकारी अस्पताल में बाहर की दवा न लिखी जाए, तो चिकित्सक का जवाब चौंकाने वाला था। चिकित्सक ने कहा “जब अस्पताल में दवा है ही नहीं, तो आपको ठीक होना है तो दवा लेनी पड़ेगी। हमारा काम मरीज को ठीक करना है। जो दवाएं यहां हैं, वो दे दीं, जो नहीं हैं वो आपको बाहर से अरेंज करनी पड़ेगी।
इस पूरे मामले को लेकर जब सीएचसी प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार मौर्य से पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उधर से फोन रिसीव नहीं हो सका।
बहरहाल, कांग्रेस नेता मुजाहिद रज़ा ने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीब मरीजों के लिए है, अगर यहीं पर बाहर की महंगी दवाएं लिखी जाएंगी तो गरीब कहां जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अस्पताल के हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वह कार्यकर्ताओं के साथ सीएचसी पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


