




किड्स प्लेनेट प्ले ग्रुप में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चे।
उझानी बदांयू 3 सितंबर।
किड्स प्लेनेट प्ले ग्रुप में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्ष, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और आनंद से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण, वासुदेव और सुदामा के मनमोहक रूप में सजकर पहुंचे। पारंपरिक और रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। सिर पर मोरपंख मुकुट, हाथ में बांसुरी लिए नन्हे कान्हा बेहद प्यारे लग रहे थे, वहीं राधा रानी के रूप में सजी बच्चियों ने अपनी सुंदर वेशभूषा से सबका ध्यान आकर्षित किया। सुदामा के रूप में सजे बच्चों की मासूमियत और सरलता ने सभी के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की प्रार्थना के साथ हुई। शिक्षिकाओं ने बच्चों को जन्माष्टमी के महत्व और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके प्रेम, सच्चाई, मित्रता और अच्छे कर्मों के संदेश के बारे में सरल और रोचक तरीके से बताया।
इस अवसर पर बच्चों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से श्रीकृष्ण और सुदामा की सच्ची मित्रता पर आधारित प्रस्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। नन्हे बच्चों की मासूम अदाओं और मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और सहयोग की भावना का विकास भी हुआ।
संचालिका बंदना बब्बर ने कहा यह जन्माष्टमी समारोह केवल एक उत्सव ही नहीं, बल्कि बच्चों को हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का सुंदर प्रयास रहा।
कार्यक्रम में भाविका, काव्य, अनंत अग्रवाल, अंशिका, अर्शिका, अनविका, ओजस्विन, अक्षिता, अर्जुन, अनुभव, केशव, गार्गी, रूद्र वर्मा, दक्ष, दृश्य, लक्ष्य प्रताप, श्रेयांश, अथर, लक्ष्य, मोनित, विनायक, युक्ति, एकांश, अथर्व, पार्थ, आनंदी, यशस्वी, शिवि, नित्या आदि बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन ‘राधे-राधे और जय श्री कृष्ण’ के जयकारों के साथ हुआ।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


