उझानी कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार लाइन हाजिर, राजनीतिक चर्चाएं तेज, धर्मेंद्र सिंह को मिली कमान।
उझानी-बदांयू 3 सितंबर।
एसएसपी अंकिता शर्मा द्वारा बुधवार को की गई बड़ी कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा उझानी कोतवाली को लेकर है। यहां प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन से धर्मेंद्र सिंह को उझानी कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
विभागीय स्तर पर इस कार्रवाई को क्राइम कंट्रोल और थाना स्तर की कार्यशैली में सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है। ट्रांसफर सूची में सदर कोतवाली के प्रभारी संजय कुमार सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया है, जबकि गैर जनपद तबादले के चलते कई इंस्पेक्टरों को पुलिस लाइन भेजा गया है।
उझानी में प्रवीण कुमार की कार्यशैली को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि जबसे प्रवीण कुमार की उझानी में तैनाती हुई थी, तबसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से उनकी पटरी न खाने की चर्चाएं आए दिन सुनने को मिलती रहती थीं।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि कोतवाली क्षेत्र में ऐसा कोई बड़ा क्राइम भी नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें लाइन हाजिर किया जाए। ऐसे में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि भाजपा नेताओं को खुश रखने की दिशा में यह कार्रवाई की गई हो। बहरहाल, लाइन हाजिर करने की असली वजह तो एसएसपी ही जानें।
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ सियासी गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


