उझानी, बदांयू इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, एसएसपी ने 17 को किया इधर-उधर।
बदांयू 3 सितंबर।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने क्राइम कंट्रोल और थाना स्तर की कार्यशैली में लापरवाही पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है।
जिले में हुए फेरबदल में सबसे प्रमुख कार्रवाई उझानी कोतवाली में हुई है। यहां के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह को उझानी कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। बताते हैं कि भाजपा नेताओं से पटरी ना खाने की प्रवीण कुमार को लाइन हाजिर होकर चुकानी पड़ी है।
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी द्वारा जारी ट्रांसफर सूची के मुताबिक, सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया है। उनकी जगह अलापुर में तैनात इंस्पेक्टर माधव सिंह बिष्ट को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, इस्लामनगर कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सनी चौधरी को अलापुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुलिस हिरासत में राजेश की मौत के बाद चर्चा में आए दातागंज के प्रभारी वेदपाल सिंह को गैर जनपद तबादले के चलते पुलिस लाइन भेजा गया है। उनकी जगह उघैती में तैनात इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह को दातागंज का प्रभारी बनाया गया है। एएचटी में तैनात उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह को उघैती थाने की जिम्मेदारी मिली है।
मुजरिया थाने में तैनात इंस्पेक्टर विदेश कुमार शर्मा को एएचटी प्रभारी बनाया गया है। सिविल लाइंस की शेखूपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार को मुजरिया थाने का प्रभारी बनाया गया है।
बिसौली के इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा और फैजगंज बेहटा के प्रभारी सुभाष कुमार, जरीफनगर के इंस्पेक्टर सुमित कुमार का भी गैर जनपद तबादला हुआ है। उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया है।
उनकी जगह सर्वेंद्र कुमार शर्मा को बिसौली, सर्विलांस प्रभारी कपिल कुमार को फैजगंज बेहटा का थानाध्यक्ष, अरिहंत कुमार सिद्धार्थ को सर्विलांस सेल का प्रभारी और अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर बाबूराम गौतम को जरीफनगर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


