5:15 pm Wednesday , 2 September 2026
BREAKING NEWS

जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, लड्डू गोपाल के श्रृंगार की मांग तेज

जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, लड्डू गोपाल के श्रृंगार की मांग तेज।

1 से 10 किलो तक की पीतल की प्रतिमाएं उपलब्ध, पेस्टल शेड्स और मोरपंखी मुकुट की धूम।

उझानी-बदांयू 2 सितंबर।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार करीब आते ही बाजारों में लड्डू गोपाल के श्रृंगार सामग्री की रौनक और मांग काफी बढ़ गई है। इस बार बाजारों में लड्डू गोपाल के लिए सिर्फ पारंपरिक पोशाकें और मुकुट ही नहीं, बल्कि डिजाइनर ड्रेसेस, घुंघराले बालों के सेट, कुंदन व स्टोन से सजे फैंसी मुकुट, बांसुरी और तरह-तरह के झूले भारी मात्रा में उपलब्ध हैं।

शहर के प्रमुख बाजारों में लड्डू गोपाल को सजाने-संवारने की सामग्री की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार बाजारों में एक किलोग्राम से लेकर 10 किलोग्राम तक की पीतल की बड़े आकार की प्रतिमाएं भी उपलब्ध हैं, जिनके लिए विशेष रूप से बड़े आकार की फैंसी पोशाकें, भारी हार, फैंसी मुकुट और झूले भी बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं।

दुकानदार शेखर गुप्ता का कहना है कि छोटे लड्डू गोपाल के श्रृंगार और पोशाक की मांग तो हर साल रहती है, लेकिन इस बार नए डिजाइन के कुंदन-मोती से सजे मुकुट, घुंघराले बाल और विशेष प्रकार की जरी व स्टोन वर्क वाली पोशाकें ग्राहकों को बहुत पसंद आ रही हैं। कई भक्त तो अपने घर में विराजे लड्डू गोपाल के आकार और रंग के हिसाब से पूरी मैचिंग का श्रृंगार सेट तैयार करवा रहे हैं।

दुकानदार अन्नू वार्ष्णेय बताते हैं कि इस बार केवल पारंपरिक लाल-पीली ही नहीं, बल्कि पेस्टल शेड्स और मल्टीकलर डिजाइनर पोशाकों की अच्छी-खासी मांग है। इसके अलावा मोरपंखी डिजाइन वाले मुकुट, धातु और लकड़ी की नक्काशीदार बांसुरी तथा छोटे-बड़े झूले भी खूब बिक रहे हैं। त्योहार पास आते ही बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस