4:20 pm Wednesday , 2 September 2026
BREAKING NEWS

बारिश में और बढ़ी मुसीबत – उझानी में बना नया जाम प्वाइंट, आधे घंटे तक भीगते रहे बाइक सवार

बारिश में और बढ़ी मुसीबत: उझानी में बना नया जाम प्वाइंट, आधे घंटे तक भीगते रहे बाइक सवार।

उझानी (बदायूं)2 सितंबर ।

नगर में जाम की समस्या लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही। घंटाघर चौराहा, हलवाई चौक तिराहा और स्टेशन रोड तिराहा तो पहले से ही जाम के लिए बदनाम हैं, जहां दिन में दो-चार बार जाम लगना आम बात है। अब इस लिस्ट में एक और नया नाम जुड़ गया है – मोहल्ला गंजशहीदा से पंखा रोड जाने वाले मार्ग पर स्थित लोकी चौराहा।

आज की कहानी कुछ ज्यादा ही परेशान करने वाली रही। एक तरफ आसमान से रिमझिम बारिश हो रही थी, तो दूसरी तरफ लोकी चौराहे पर लगा लंबा जाम। स्कूलों की छुट्टी के समय लगे इस जाम में स्कूली बच्चों सहित राहगीर बुरी तरह दो-चार होते रहे।

बारिश से बचने को जगह नहीं और जाम से निकलने का रास्ता नहीं। आलम यह था कि कई बाइक सवार हेलमेट पहने आधे घंटे तक बारिश में भीगते हुए जाम खुलने का इंतजार करते रहे। स्कूली बच्चे भी बारिश में फंसे रहे।

सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 30 मिनट में जाम खुलवाकर आवागमन सुचारू कराया।

*आखिर क्यों लगता है जाम ?*

स्थानीय लोगों के अनुसार इसकी दो बड़ी वजहें हैं। कोतवाली से लोकी चौराहा तक की सड़क बेहद सकरी है, वहीं पुरानी अनाज मंडी के गोदामों से मक्का लोडिंग के चलते बड़े-बड़े ट्राले सड़क पर खड़े रहते हैं।

इसके अलावा लोकी चौराहे से पंखा रोड तक सड़क किनारे सब्जी वालों ने कब्जा जमा रखा है, जिससे बची-कुची सड़क भी घिर जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है।

लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि बारिश के मौसम में अतिक्रमण हटवाकर सड़क को चौड़ा किया जाए, नहीं तो यह चौराहा शहर का नया स्थायी जाम प्वाइंट बन जाएगा।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस