उझानी -ई-रिक्शा की टक्कर से टूटा अढौली रेलवे फाटक का बूम, ट्रेनों को साइड बूम लगाकर निकाला।
उझानी, बदायूं 31 अगस्त ।
अढौली रेलवे फाटक पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक ई-रिक्शा ने फाटक के बूम में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इलेक्ट्रॉनिक बूम दो टुकड़ों में टूट गया। हादसे के बाद फाटक पर काफी देर तक जाम और अफरातफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 11:30 बजे एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर बंद हो रहे बूम से टकरा गया। टक्कर लगते ही बूम टूटकर नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने ई-रिक्शा को चालक सहित पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
गेटमैन ने तत्काल इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। बूम टूटने से इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम ठप हो गया, जिसके चलते रेलवे कर्मचारियों को मैनुअल साइड बूम लगाकर ट्रेनों को पास कराना पड़ा।
रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक बूम बटन दबाते ही ऊपर-नीचे हो जाता है, लेकिन उसके टूटने पर साइड बूम को लगाने और खोलने में ज्यादा समय लगता है। इससे फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


