7:19 pm Sunday , 30 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में ठगों का नया पैंतरा: आशीर्वाद के बहाने पैर छुए, फिर सोने की चूड़ियां लेकर रफूचक्कर

उझानी में ठगों का नया पैंतरा: आशीर्वाद के बहाने पैर छुए, फिर सोने की चूड़ियां लेकर रफूचक्कर।
मीडिया प्रभारी – राजेश वार्ष्णेय एमके
कोतवाली से चंद कदम दूर स्टेशन रोड पर दिनदहाड़े वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई ठगों की बाइक।

उझानी (बदायूं) 30 अगस्त ।

नगर में ठग अब आस्था और आशीर्वाद के नाम पर ठगी कर रहे हैं। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक कपड़े की दुकान पर दो शातिर ठगों ने नया पैंतरा अपनाकर महिला दुकानदार से पांच तोला सोने के दो कड़े ठग लिए। ठगी के बाद दोनों आरोपी महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें ठगों की बाइक का नंबर भी साफ दिखाई दे रहा है।

घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पंजाबी कॉलोनी निवासी आशा सपरा पत्नी स्वर्गीय अजय सपरा की स्टेशन रोड पर जगदम्बा सूट सेंटर के नाम से दुकान है। पीड़िता के अनुसार दोपहर में दो युवक उनकी दुकान पर आए और छह अंगोछा खरीदा, जिसके उन्होंने 600 रुपये भी दिए।

इसके बाद दोनों ने कहा कि हमें माता रानी के मंदिर में 2100 रुपये का दान करना है। आप हमसे बड़ी हैं, आपके हाथों से दान हो जाए तो ज्यादा शुभ रहेगा। उन्होंने जेब से 2100 रुपये निकाले और बोले- इसे सोने से टच कराकर मंदिर में रख दीजिए।

दुकान में मंदिर ऊंचाई पर होने के कारण आशा सपरा उनकी बातों में आ गईं और हाथ में पहने करीब पांच तोला सोने के दो कड़े (चूड़ियां) उतारकर दे दिए। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से रुपये के साथ कड़ों को मंदिर में रखने का नाटक किया, लेकिन मंदिर में सिर्फ 2100 रुपये रखे और सोने के दोनों कड़े पार कर दिए।

जाते-जाते दोनों ठगों ने महिला से कहा कि हमें आशीर्वाद दे दीजिए। पैर छूकर आशीर्वाद लिया और मौके से रफूचक्कर हो गए। कुछ देर बाद जब महिला ने मंदिर में देखा तो रुपये तो रखे थे, लेकिन दोनों चूड़ियां गायब थीं। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

शोर सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए। पड़ोसी दुकानदार का सीसीटीवी चेक किया गया तो उसमें दोनों ठग बाइक पर जाते हुए कैद मिले।

पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में मिले बाइक नंबर के आधार पर ठगों की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस