उझानी के घंटाघर चौराहे पर लगा भीषण जाम, SDRF की गाड़ी आधा घंटे तक फंसी रही।
उझानी, बदायूं 30 अगस्त ।


उझानी नगर के मुख्य घंटाघर चौराहे पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण जाम लग गया। जाम में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की गाड़ी भी करीब आधा घंटे तक फंसी रही, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकलवाया।
बताते चलें कि नगर में जाम लगना अब आम बात हो गई है। घंटाघर चौराहे पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है, लेकिन ई-रिक्शा और स्कूल बसों की वजह से जब जाम लगता है तो पुलिसकर्मी भी खुद को असहाय पाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग हो या कोतवाली पुलिस, कोई भी इस स्थाई जाम से निजात दिलाने के लिए गंभीर नजर नहीं आता। नगर पालिका प्रशासन ने सावन में कांवड़ यात्रा के चलते एक महीने के लिए दुकानदारों से अतिक्रमण हटवाया था, लेकिन श्रावण मास खत्म होते ही दुकानदारों ने फिर से फुटपाथ और सड़क पर सामान सजा लिया है।
अतिक्रमण के कारण घंटाघर चौराहा ही नहीं, कछला रोड पर हलवाई चौक से डॉ. आफाक तिराहे तक, बिल्सी रोड और स्टेशन रोड तक लंबा जाम लग जाता है। आम राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने जिलाधिकारी बदायूं से मांग की है कि नगर की इस जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस और सार्थक पहल की जाए।
राजेश वार्ष्णेय एमके।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


