उझानी में फौजी ने दिखाई बहादुरी, बुलेट चोर को फूलपुर के पास दबोचा, पुलिस को सौंपा।

उझानी, बदायूं 29 अगस्त ।
थाना उझानी क्षेत्र में सेना के जवान की चोरी गई बुलेट मोटरसाइकिल का मामला थोडी देर बाद ही सुलझ भी गया,फौजी ने खुद ही हिम्मत दिखाते हुए चोर को बुलेट समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बता दें कि मुरावन नगला गांव निवासी मनोज पुत्र लालाराम भारतीय सेना में तैनात हैं और छुट्टी पर घर आए हैं। शनिवार को वह अपने भतीजे वंश (कक्षा-3, कैप्टन गजराज सिंह इंटर कॉलेज) को स्कूल छोड़ने गए थे। स्कूल के बाहर खड़ी उनकी बुलेट को सिरसोली निवासी अंकित चोरी कर फरार हो गया था।
बाइक चोरी होने के बाद मनोज ने हार नहीं मानी और अपने स्तर से चोर की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी बुलेट लेकर फूलपुर की तरफ गया है।
सूचना मिलते ही फौजी मनोज ने दौड़ लगाई और फूलपुर के पास घेराबंदी कर आरोपी अंकित को बुलेट मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना उझानी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली उझानी पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बुलेट को कब्जे में लेकर पीड़ित फौजी को सौंप दिया है। फौजी की इस बहादुरी की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


