5:26 pm Sunday , 30 August 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में कार और लोडर की आमने-सामने जोरदार टक्कर, एयरबैग खुलने से बची दो की जान; पांच घायल

बिल्सी में कार और लोडर की आमने-सामने जोरदार टक्कर, एयरबैग खुलने से बची दो की जान; पांच घायल।

बिल्सी, बदायूं 29 अगस्त ।

कछला-शाहाबाद हाईवे पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बिल्सी नगर में अरविंद कोल्ड स्टोर के पास कार और लोडर वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुल गए।

हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि एयरबैग खुलने से कार में सवार दो लोगों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार बदायूं के गौरामई निवासी सलमान के भाई अरमान, नसीम बानो और दो अन्य लोग ईको कार से फरीदाबाद, दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान कछला की ओर से आ रहे लोडर से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर काफी जोरदार थी। भिड़ंत होते ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे दो लोगों को गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। हादसे में कार सवार तीन लोगों के अलावा लोडर में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

लोडर चालक ओमकार सिंह यादव ने बताया कि वह अपनी पत्नी गुड्डो यादव के साथ लोडर से मनोना धाम जा रहे थे। तभी सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे में पति-पत्नी दोनों को चोटें आई हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस