उझानी में आउटसोर्सिंग ऑपरेटरों की मनमानी, दस मिनट में ही बंद हो गई जलापूर्ति।
हजारों लीटर पानी रात भर नालियों में बहता रहा, टैंक खाली होने से तीन मोहल्ले परेशान।
उझानी-बदांयू 29 अगस्त।
नगर पालिका परिषद उझानी में पेयजल व्यवस्था आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के भरोसे है, लेकिन कर्मचारी ही व्यवस्था को पलीता लगा रहे हैं। आउटसोर्सिंग पर लगे ट्यूबवेल ऑपरेटर खुद ड्यूटी न कर अपनी जगह नौसिखिए युवकों को भेज रहे हैं। लापरवाही का नतीजा शनिवार सुबह तीन मोहल्लों को भुगतना पड़ा।
मोहल्ला किला खेड़ा, साहूकारा और बाजार कलां में शनिवार सुबह बमुश्किल दस मिनट ही पानी आ सका। इसके बाद नलों से हवा आने लगी। सुबह पानी भरने को लेकर मोहल्लों में हंगामा होता रहा।
मोहल्ले वालों ने बताया कि किला खेड़ा स्थित ओवरहेड टैंक और नलकूपों पर रात 12 बजे ड्यूटी बदलती है। आरोप है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी रात में अपनी जगह दूसरे लोगों से ड्यूटी करा रहे हैं। शुक्रवार रात भी एक युवक ड्यूटी पर था। उसने टैंक फुल होने के बाद वाल्व खोल दिया। इसके बाद पानी पूरी रात नालियों में बहता रहा और युवक वहीं सो गया।
सुबह जब कर्मचारियों ने देखा तो ओवरहेड टैंक लगभग खाली था। जैसे-तैसे दस मिनट सप्लाई देकर टैंक खाली हो गया। गर्मी में पानी न आने से लोगों में पालिका के खिलाफ आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी पालिका अधिकारी आउटसोर्सिंग कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। कई नलकूपों पर यही हाल है। पालिका को इस ओर ध्यान देना चाहिए। इस संबंध में जलकल प्रभारी जेई अरविंद कुमार पाल से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव ना हो सका। जलकल विभाग में कार्य देखने वाले लिपिक तौसीफ अहमद का कहना है आज पेयजलापूर्ति ना आने की शिकायत मिली है,चेक किया जाऐगा दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


