उझानी में सरकारी स्कूल में चोरी का प्रयास, कमरे की जाली काटी।
उझानी (बदायूं) 29 अगस्त ।
उझानी कोतवाली क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बुर्रा अहिरवारा में शनिवार सुबह चोरी का प्रयास किया गया। शरारती तत्वों ने विद्यालय की एक कक्षा के जंगले की जाली काट दी।
प्रभारी प्रधानाचार्या सरोज कुमारी जब सुबह स्कूल पहुंचीं तो घटना का पता चला। प्रधानाचार्या ने बताया कि कक्षा का निरीक्षण करते समय उन्हें जाली कटी हुई मिली, जिससे हड़कंप मच गया। आशंका है कि चोर विद्यालय में घुसने और चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।
बता दें कि विद्यालय में स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जाता है। यहां शिक्षा संबंधी कई कीमती उपकरण व सामान रखा हुआ है।
प्रधानाचार्या ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते घटना का पता नहीं चलता तो विद्यालय में रखा कीमती सामान चोरी हो सकता था। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा को लेकर शिक्षकों में चिंता बढ़ गई है।
सूचना पर ग्राम प्रधान रंधावा सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण कर जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस से शरारती तत्वों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


