रक्षाबंधन पर उझानी में नो-एंट्री: हलवाई चौक से घंटाघर तक ई-रिक्शा और बड़े वाहन बैन।
उझानी (बदायूं) 27 अगस्त ।
रक्षाबंधन पर्व पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए कोतवाली पुलिस ने कमर कस ली है। बृहस्पतिवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने नगर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए कछला-बदायूं रोड को नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया।
आदेश के मुताबिक हलवाई चौक चौराहे से लेकर घंटाघर चौराहे तक बड़े वाहनों और ई-रिक्शा चालकों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। त्योहार के चलते बाजार में महिलाओं की भारी भीड़ है, जिसके कारण हर वक्त जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बहनें बिना किसी परेशानी के राखी की खरीदारी कर सकें।
व्यवस्था को लागू कराने के लिए पुलिस ने चौराहों पर टीम तैनात कर दी है। मौके पर उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, पीसी गजराज सिंह, हेड कांस्टेबल जावेद हुसैन, होमगार्ड संतोष गिरी और होमगार्ड देवेंद्र कुमार लगातार डटे रहे और वाहनों को डायवर्ट करते रहे।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


