उझानी में हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन, मेहंदी और राखी बनाओ प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर।
उझानी, बदायूं 27 अगस्त ।
संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्राओं ने मेहंदी और राखी बनाओ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने की। मुख्य वक्ता आचार्य शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों को रिश्ते में त्याग और जिम्मेदारी का महत्व समझाया।
आचार्य हरिहर शर्मा ने राजा बलि और भगवान विष्णु की कथा सुनाकर पर्व के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने कहा कि श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग से सीख मिलती है कि सच्चा रिश्ता औपचारिकता नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान और जरूरत पर साथ खड़े रहने से बनता है।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। समापन पर विद्यालय की सभी बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सभी आचार्य और आचार्या बहनें मौजूद रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


