उझानी- अधिशासी अधिकारी ने किया घंटाघर मार्केट का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश।
उझानी (बदायूं) 26 अगस्त ।
नगर पालिका परिषद उझानी के अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी ने बृहस्पतिवार को पालिका अधीनस्थ घंटाघर मार्केट का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ प्रभारी सफाई निरीक्षक राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे।
बता दें कि दिनांक 24 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में घंटाघर मार्केट के व्यापारियों के एक शिष्टमंडल ने पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल से मिलकर हल्की बूंदाबांदी के बाद मार्केट में भरने वाले दूषित जल और जलभराव की समस्या से अवगत कराया था। इस पर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी को एक माह के भीतर मार्केट में सड़क, नाली और शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए थे।
पालिका अध्यक्ष के आदेश के क्रम में आज ईओ ने मार्केट में जलभराव की स्थिति का गंभीरतापूर्वक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि घंटाघर चौराहे से सब्जी मंडी तक नालों के ऊपर लोगों ने स्थाई/अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है, जिससे जल निकासी बाधित हो रही है।
ईओ ने प्रभारी सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए कि जेसीबी मशीन लगाकर नालों के ऊपर से अतिक्रमण को हटवाया जाए। इस पर सफाई निरीक्षक ने आश्वस्त किया कि आगामी त्योहार के बाद अतिक्रमण हटवाकर नालों की सफाई का कार्य प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
इस दौरान युवा व्यापारी नेता अभिनव सक्सेना के नेतृत्व में व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मार्केट में सड़क, नाली, सामुदायिक शौचालय और तीसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ियों (जीना) के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई।
इस मौके पर विनोद अग्रवाल डबली भाई , धीरेंद्र यादव, रोहित अग्रवाल, मनोज गोयल, अभिनव सक्सेना, जितेंद्र यादव, सर्वेश शर्मा, दया शंकर, अमित मिश्रा, बॉबी अग्रवाल, संजू गोस्वामी, रामोतार उत्तम सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


