6:45 pm Wednesday , 26 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में अनोखा रक्षाबंधन: छात्राओं ने सफाई कर्मियों को बांधी राखी, दिया स्वच्छता का संदेश

उझानी में अनोखा रक्षाबंधन: छात्राओं ने सफाई कर्मियों को बांधी राखी, दिया स्वच्छता का संदेश।

उझानी, बदायूं 26 अगस्त।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर में भाई-बहन के प्रेम से इतर एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। देवनागरी इंटर कॉलेज, उझानी में छात्राओं ने नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन मनाया।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मानवी, अंजली, पल्लवी, काव्या, सान्वी सहित तमाम छात्राओं ने सफाई कर्मियों को राखी बांधी और उनके अथक परिश्रम के लिए आभार जताया। छात्राओं ने इसे स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ते हुए कहा कि जो हमारे शहर की रक्षा स्वच्छता से करते हैं, वे ही असली रक्षक हैं।

इस दौरान नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधियों शिवम पटेल, आशीष शर्मा, निखिल मिश्रा और प्रशांत कुमार ने बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। बच्चों ने अपने घर, विद्यालय और मोहल्ले को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

प्रधानाचार्य आर.एम. शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज के स्वच्छता प्रहरी हैं। उनके परिश्रम से ही हमारा नगर स्वच्छ रहता है। छात्राओं द्वारा उन्हें राखी बांधना सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।

निर्देशिका प्रोमिला शर्मा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और श्रम के सम्मान का भाव जगाना भी है।


कार्यक्रम में शिक्षिका साक्षी, दुर्गा, श्रेया, शालू तोमर, श्रेया तोमर, पिंकी सक्सेना और मधु यादव मौजूद रहीं। अंत में ‘स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ नगर, स्वच्छ भारत’ के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस