बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, भीड़ का पुलिस पर पथराव; CO समेत कई घायल, 4 गाड़ियों और एंबुलेंस में तोड़फोड़।


बदायूं 25 अगस्त।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर भारी बवाल हो गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उग्र भीड़ ने पुलिस की 4 गाड़ियों और एक एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की।
मामला ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात कुछ लोगों ने इस जमीन पर प्रतिमा लगाने का प्रयास किया था। मंगलवार सुबह उन्हीं लोगों ने आरोप लगाया कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ बिसौली समेत आसपास के थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे दिन भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग प्रतिमा को वहीं स्थापित करने पर अड़े रहे। शाम करीब 7:30 बजे भीड़ अचानक उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
इस पथराव में सीओ अंशुमन श्रीवास्तव समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हालात बिगड़ता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बावजूद उग्र भीड़ ने पुलिस की 4 गाड़ियों और एक एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी।
घटना का पता चलते ही फैजगंज बेहटा, बिसौली, बिल्सी, वजीरगंज और इस्लामनगर समेत 10 थानों का पुलिस फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। एसएसपी अंकिता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने 7 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में नाकाबंदी कर हमलावरों की धरपकड़ की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


