कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव, बदायूं। नगर पंचायत कुंवरगांव में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी के बीच दिनभर बार-बार बिजली ट्रिप होने से लोग बेहाल हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कुछ देर के लिए आती है और फिर अचानक गुल हो जाती है, जिससे घरों और दुकानों में जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
बार-बार ट्रिपिंग के कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि दिन में सैकड़ों बार ट्रिपिंग जैसी स्थिति बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक उन्हें बिजली की आंख-मिचौली और भीषण गर्मी के बीच परेशान होना पड़ेगा?
लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था की जांच कर बार-बार हो रही ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल समाधान कराने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
कुंवर गांव में बिजली ट्रिपिंग और कटौती की समस्या को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



