5:28 pm Monday , 24 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में संस्कार केंद्र प्रमुखों की बैठक, शिक्षा और राष्ट्रभावना पर मंथन।

उझानी बदांयू 24 अगस्त।

संतोष कुमारी-श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उझानी में सोमवार को संस्कार केंद्र प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्कार केंद्रों के माध्यम से समाज में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रभावना के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने अतिथि परिचय कराया। वरिष्ठ आचार्य शैलेंद्र कुमार शर्मा ने पटका पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने कहा कि संस्कार केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना है। केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता के कार्यक्रम और अधिक प्रभावी ढंग से चलाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि संस्कार केंद्रों के संचालक समाज के श्रेष्ठ सेवाभावी लोग हैं, जो निस्वार्थ भाव से संस्कार निर्माण का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मितव्ययिता को जीवन का महत्वपूर्ण संस्कार बताते हुए अनावश्यक खर्चों से बचने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया। सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए उन्होंने सहभोज जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

श्री सिंह ने कहा कि संस्कार केंद्रों के वार्षिकोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे वर्षभर के कार्यों के मूल्यांकन और उपलब्धियों के आकलन का अवसर बनाया जाए।

द्वितीय सत्र में केंद्रों के संचालन, गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन हुआ। कार्यकर्ताओं ने बच्चों में भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के विकास तथा अधिक से अधिक परिवारों तक संस्कारयुक्त शिक्षा पहुँचाने पर अपने विचार रखे।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय शिक्षा समिति, ब्रज प्रांत के प्रदेश निरीक्षक यशवीर सिंह ने कहा कि संस्कार केंद्रों का कार्य तभी सार्थक है जब उसका सकारात्मक प्रभाव बच्चों, परिवारों और समाज की जीवनशैली में दिखाई दे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गतिविधियों को अधिक परिणामदायी बनाने का आह्वान किया।

दोपहर भोजन के बाद समापन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संस्कार केंद्रों से जुड़े कार्यकर्ता और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस