5:28 pm Monday , 24 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में रक्षाबंधन से पहले महंगी हुई मिठास, घेवर के दाम 30 रुपये तक बढ़े

उझानी-बदांयू 24 अगस्त।

सावन के महीने और रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले चीनी के दामों में आए उछाल ने मिठाइयों का स्वाद छीन लिया है। पिछले करीब एक महीने में चीनी के दामों में आई तेजी के कारण बाजार में मिठाइयों की कीमतें 10 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ गई हैं।

करीब एक माह पूर्व जो चीनी थोक व फुटकर बाजार में 44 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही थी, वह आज फुटकर बाजार में 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। चीनी के साथ-साथ दूध, मावा, वनस्पति घी और देसी घी की लागत बढ़ने से मिष्ठान विक्रेताओं ने मिठाइयों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।

त्योहारों के सीजन में सबसे ज्यादा मांग घेवर, रसगुल्ला, बर्फी, सोहन पापड़ी और काजू कतली जैसी पारंपरिक मिठाइयों की रहती है। रक्षाबंधन की प्रमुख मिठाई घेवर की बात करें तो इसके दामों में 10 से 30 रुपये प्रति किलो का सीधा उछाल आया है। देसी घी से निर्मित मिठाइयों के रेट 30 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं। खोवा और वनस्पति घी से बनने वाली मिठाइयों पर भी न्यूनतम 10 से 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मजबूरी में बढ़ाने पड़े दाम, एक महीने में चीनी 44 रुपये से बढ़कर 65 रुपये किलो तक बिक रही है। इसके अलावा मैदा, वनस्पति घी और मजदूरी भी महंगी हुई है। रक्षाबंधन पर घेवर की मांग सबसे ज्यादा रहती है, लेकिन लागत इतनी बढ़ गई है कि बिना दाम बढ़ाए काम चलाना असंभव हो गया था। – कुलदीप वार्ष्णेय, मिष्ठान विक्रेता

घी की कीमतों में पहले से ही तेजी थी, अब चीनी में आए अचानक उछाल ने बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। घेवर और अन्य मिठाइयों के दाम हमें करीब 20 रुपये प्रति किलो तक बढ़ाने पड़े हैं। ग्राहक एतराज जता रहे हैं, लेकिन दाम बढ़ाना हमारी मजबूरी है। अमित माहेश्वरी, मिठाई व्यापारी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस