2:32 pm Monday , 24 August 2026
BREAKING NEWS

सावन का आखिरी सोमवार- कछला घाट से उझानी तक शिवमय हुआ माहौल, कांवड़ियों के जयकारों से गूंजा हाईवे

सावन का आखिरी सोमवार- कछला घाट से उझानी तक शिवमय हुआ माहौल,कांवड़ियों के जयकारों से गूंजा हाईवे।

उझानी, बदायूं 24 अगस्त ।

सावन के आखिरी सोमवार को लेकर आस्था और भक्ति का सैलाब देखने को मिला। कछला घाट से गंगा जल लेकर लौटे शिवभक्तों के कदम अब नगर के शिवालयों की ओर बढ़ चुके हैं। रविवार को पूरी रात बरेली मथुरा हाइवे कछला-उझानी से बदांयू, बरेली तक हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।

चारों ओर भगवा रंग, हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। डीजे की तेज धुनों पर नाचते-गाते कांवड़ियों के जत्थे आकर्षण का केंद्र बने रहे। कांवड़ बेड़ों में सजी देवी-देवताओं की झांकियां और शिव-पार्वती के रूप में सजे कलाकार भजनों पर थिरकते दिखाई दिए।

हाईवे पर जगह-जगह शिवभक्तों के स्वागत के लिए सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां उनके लिए भोजन, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की गई। आज शाम तक अधिकांश कांवड़िये अपने गंतव्य तक पहुंच कर जलाभिषेक करेंगे।

सोमवार को तड़के चार बजे से ही शिवालयों में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो जाएगा। आखिरी सोमवार होने के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद को देखते हुए प्रमुख मंदिरों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।आखिरी सोमवार पर पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

विज्ञापन एक्सप्रेस