2:32 pm Monday , 24 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: तीन साल से जमे ड्रग इंस्पेक्टर, 25 के तबादले में नाम फिर भी कुर्सी बरकरार, वसूली का वीडियो वायरल

बदायूं: तीन साल से जमे ड्रग इंस्पेक्टर, 25 के तबादले में नाम फिर भी कुर्सी बरकरार, वसूली का वीडियो वायरल।

बदांयू 24 अगस्त।

औषधि विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद के साथ मेडिकल स्टोरों पर पहुंचने वाले सेवानिवृत्त ड्राइवर का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में खलबली मची हुई है। सहायक आयुक्त (औषधि) बरेली ने ड्रग इंस्पेक्टर को तलब कर जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद बदायूं में तीन साल से ज्यादा का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। चर्चा है कि पिछले दिनों प्रदेश में हुए 25 ड्रग इंस्पेक्टरों के ट्रांसफर की सूची में उनका नाम होने के बावजूद वह न जाने कौन सी तिकड़म से बदायूं में ही अपनी तैनाती बचाने में कामयाब हो गए।

विवादों से लवकुश प्रसाद का पुराना नाता रहा है। आरोप है कि उनके साथ रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी चालक के माध्यम से दूरदराज के गांव-देहात में उन मेडिकल स्टोरों तक से कथित वसूली की जाती है, जहां तक विभाग की टीम भी नहीं पहुंच पाती।

इधर, जरीफनगर के मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच भी पूर्व में ड्राइवर के माध्यम से रुपये लिए जाने की चर्चा है। आरोप है कि रकम लेने के बाद उसका बंटवारा कर लिया जाता था।

पिछले दिनों उझानी में एक बारातघर में सप्ताह में एक दिन आगरा से आकर दर्द की दवाएं देने वाले चिकित्सक के यहां छापा मारा गया था। ड्रग इंस्पेक्टर ने पत्रकारों को प्रेस नोट जारी कर कहा था कि अमानक दवाएं मिली हैं, कार्रवाई होगी। आरोप है कि कुछ दिनों बाद मामले में लीपापोती कर दी गई। कई मेडिकल स्टोर स्वामियों ने तो इसे सब सेटिंग का खेल बताया।

फिलहाल वायरल वीडियो और पुराने मामलों के सामने आने के बाद माना जा रहा है कि अब लवकुश प्रसाद का बदायूं से जाना तय है। हालांकि इस संबंध में विभागीय स्तर पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।———-

बोले लवकुश प्रसाद -यह वीडियो कादरचौक का नहीं है, लेकिन यह कहां का है यह पता नहीं है। ड्राइवर को साथ नहीं ले जाते हैं। यह पता नहीं कैसे पहुंच गए।

विज्ञापन एक्सप्रेस