बदायूं
कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने कछला घाट का किया निरीक्षण, दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश
केशव गुप्ता
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाएं और श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
अधिकारियों ने आपात स्थिति से निपटने और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखने को कहा गया।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक बिल्सी मनोज कुमार, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीन कुमार, कछला चौकी प्रभारी अविनाश पुंडीर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



