2:56 pm Sunday , 23 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में पिकअप की टक्कर से कांवड़िये की मौत, चचेरा भाई घायल

उझानी में पिकअप की टक्कर से कांवड़िये की मौत, चचेरा भाई घायल

उझानी, बदायूं 23 अगस्त ।

कछला गंगा घाट से जल लेकर लौट रहे दो बाइक सवार कांवड़ियों को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल है।

हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी कोतवाली क्षेत्र में जीडी गोयंका स्कूल के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी और ट्रॉली में फंसकर दूर तक घिसटती रही।

मृतक की पहचान अलापुर थाना क्षेत्र के गांव रूपामई रमनगला निवासी सतीश कुमार (25) के रूप में हुई है। घायल ओमकार (34) उसका चचेरा भाई है। दोनों कछला से गंगाजल लेकर शाहजहांपुर के पटना देवी काली शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे।

सूचना पर पहुंची उझानी पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सतीश ने दम तोड़ दिया। ओमकार का इलाज जारी है।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। टक्कर मारने वाले पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस