1:55 pm Sunday , 23 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ – बाइक चोरी की रिपोर्ट लिखाने, थाने से लेकर एसएसपी तक लगाए चक्कर, फिर कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित

बदायूँ: बाइक चोरी की रिपोर्ट लिखाने, थाने से लेकर एसएसपी तक लगाए चक्कर, फिर कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित।

बदांयू 23 अगस्त।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि चोरी की तहरीर देने के लिए वह चौकी से लेकर एसएसपी कार्यालय तक चक्कर काटता रहा, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। मजबूर होकर अब उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की गुहार लगाई है।

प्रार्थी पुष्पेन्द्र कुमार पुत्र स्व. आदित्य प्रकाश मूल रूप से थाना उसावां के गांव अहमदनगर रुखड़ा के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह अम्बे कॉलोनी, जिओ पेट्रोल पंप के पास, वेन्यू प्लस के सामने, थाना सिविल लाइन में रहते हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, 6 जून को सुबह करीब 10 बजे वह अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल से अम्बे कॉलोनी में अपने ताऊ जी के घर गए थे। बाइक को गेट के सामने खड़ी कर वह अंदर चले गए। कुछ देर बाद बाहर आए तो बाइक गायब थी। बाइक उनकी पत्नी महिमा देवी के नाम पंजीकृत है।

पीड़ित ने बताया कि उसने तुरंत 112 पर कॉल कर सूचना दी और उसी दिन चौकी प्रभारी को चोरी की तहरीर दी। इसके बाद 23-06-2026 को स्वयं थानाध्यक्ष सिविल लाइन को और 25-06-2026 को रजिस्टर्ड डाक से थाने में प्रार्थना पत्र भेजा। जब वहां भी सुनवाई नहीं हुई तो 25-06-2026 को ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। आरोप है कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद पीड़ित ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय बदायूँ में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस