बदायूं
कछला नगर पंचायत में सभासदों ने चेयरमैन के खिलाफ खोला मोर्चा, कार्यालय में दरी बिछाकर किया प्रदर्शन।
कांवड मेला तहबाजारी ठेके में धांधली का आरोप, 25 से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी।
उझानी (बदायूं) 22 अगस्त ।
नगर पंचायत कछला में कांवड़ मेले की तहबाजारी के ठेके को लेकर सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को सभी सभासदों ने एकजुट होकर चेयरमैन के खिलाफ नगर पंचायत कार्यालय परिसर में दरी बिछाकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया।
सभासदों का आरोप है कि बिना बोर्ड बैठक और बिना सभासदों को विश्वास में लिए कांवड़ मेला तहबाजारी का ठेका दे दिया गया, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है। सभासदों ने चेयरमैन जगदीश सिंह लोनिया पर मनमानी करने और एकतरफा तरीके से ठेके देने का आरोप लगाया।
सभासदों ने कहा कि मोक्षदायिनी गंगा तट पर तहबाजारी के नाम पर अवैध उगाही की जा रही है। इस ठेके को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आज का धरना सांकेतिक है, अगर कार्रवाई नहीं हुई तो 25 अगस्त से नगर पंचायत कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस ठेके को रद्द किया जाए और 2022 से अब तक कछला नगर पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना बोर्ड मीटिंग के ही मनमाने तरीके से काम कराए जा रहे हैं। मांग की कि बोर्ड की बैठक समय से और नियमित रूप से कराई जाए तथा बिना बोर्ड की सहमति के कोई भी कार्य न कराया जाए। साथ ही कहा कि अधिशासी अधिकारी और बड़े बाबू नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते हैं, जिससे फरियाद लेकर आने वाले लोगों को परेशानी होती है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में सभासद सुनील चौहान, जुनेआलम, ममता सागर, राजेश, रीता श्रीवास्तव, राजकुमार कश्यप, वीरेंद्र कश्यप, वीरेंद्र शाक्य, धर्मवीर तोमर, डोली कश्यप, प्रवीण सूर्यवंशी, कमलेश कुमारी और लक्ष्मण कश्यप मौजूद रहे।

राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



