1:09 pm Saturday , 22 August 2026
BREAKING NEWS

कछला में कांवड़ मेला तहबाजारी ठेका 11 लाख में, सादे कागज पर जारी हुआ प्रेस नोट, बिना टेंडर वसूली शुरू

कछला में कांवड़ मेला तहबाजारी ठेका 11 लाख में, सादे कागज पर जारी हुआ प्रेस नोट, बिना टेंडर वसूली शुरू

उझानी-बदांयू 22 अगस्त।

कछला नगर पंचायत के कांवड़ मेला तहबाजारी का ठेका एक बार फिर विवादों में है। नगर पंचायत ने 11 लाख रुपये में ठेका उठाने का दावा किया है, लेकिन इसके लिए न तो टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई और न ही नियमानुसार समय दिया गया। कमाल तो यह है कि मेले के बीच 13 अगस्त को ही अखबारों में प्रकाशन के लिए गजट सूचना और उसी दिन सादे कागज पर प्रेस नोट जारी कर नीलामी संपन्न बता दी गई।

नगर पंचायत के नाम से जारी प्रेस नोट में लिखा है- आज दिनांक 13 अगस्त को गंगाघाट के दोनों तटों पर मेला शुल्क, कर्मकांडी ब्राह्मण आदि की सार्वजनिक ठेका नीलामी की बोली कार्यालय नगर पंचायत प्रांगण में अध्यक्ष/अधिशासी अधिकारी/लिपिक आदि की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वाधिक बोली सरिता पत्नी श्री सोनपाल की 11,00,000 रुपये की हुई है।

इस प्रेस नोट पर नगर पंचायत का न तो लेटरपैड है, न ही डिस्पैच नंबर और न ही अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर। केवल लिपिक की मोहर लगाकर इसे अखबारों को निशुल्क प्रकाशन के लिए जारी कर दिया गया।

इधर ठेकेदार के कारिंदों ने मेला शुरू होते ही घाट पर लगी दुकानों से वसूली भी शुरू कर दी। दुकानदारों का आरोप है कि 10 फिट की दुकान के तीन हजार लिए जा रहे हैं।

वही नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह लोनिया का कहना है, मेला की व्यवस्था में लाखों रुपए खर्च होते हैं, उसके लिए कोई निधि नहीं मिलती, इसलिए ठेका नियमानुसार किया गया है। ओर इसका दायित्व ईओ नगर पंचायत का है।

दुकानदारों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर अवैध वसूली रोकने और ठेका प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस