12:56 pm Friday , 21 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बैंक कर्मचारी बनकर 15 हजार की ठगी, कागज की गड्डी थमाकर ठग फरार

उझानी में बैंक कर्मचारी बनकर 15 हजार की ठगी, कागज की गड्डी थमाकर ठग फरार

उझानी-बदांयू 21 अगस्त ।

बरी बाइपास पर शुक्रवार सुबह ठगी का मामला सामने आया है। दो उचक्कों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर एक ग्रामीण को बातों में उलझाया और 15 हजार रुपये लेकर कागज की गड्डी थमा दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पीड़ित से जानकारी ली और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार कादरचौक थाना क्षेत्र के भूडा भदरौल के पास घटियारी गांव निवासी हेमसिंह पुत्र रूपराम अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए 15 हजार रुपये लेकर पानीपत, हरियाणा जा रहे थे।

सुबह करीब 7 बजे वह ई-रिक्शा से बस पकड़ने के लिए बरी बाइपास पर आए थे। हेमसिंह ने बताया कि तभी दो लोग उनके पास आए और पूछा कहां जा रहे हो। इस पर उन्होंने बताया कि वह पानीपत जा रहे हैं। दोनों ने कहा कि हम भी पानीपत जा रहे हैं, हम बैंक कर्मचारी हैं, आजकल जमाना ठीक नहीं है, अपने रुपये गिन लो।

इतना कहकर ठगों ने अपने पास से एक थैली दी और रुपये उसमें रखने को कहा। इसी दौरान चालाकी से थैली बदल दी। थैली में रुपये की जगह सिर्फ कागज भरकर दे दिए और 15 हजार रुपये लेकर बोले, यहीं खड़े रहना, हम बस देखकर आते हैं। इसके बाद दोनों रफूचक्कर हो गए।

काफी देर तक दोनों के वापस न आने पर हेमसिंह को शक हुआ। जब थैली खोलकर देखी तो अंदर कागज भरे थे, रुपये गायब थे। यह देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर मनोकामना मंदिर के महंत शिवम शर्मा ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी, ठगों की तलाश की जा रही है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस