उझानी से कांवड़ियों की टोलियां बोल बम के जयकारों के साथ रवाना, हाईवे पर शिवमय हुआ माहौल
।
सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में होगा जलाभिषेक, डीजे की धुन पर थिरकते दिखे शिवभक्त।
उझानी-बदांयू 20 अगस्त।
सावन के आखिरी सोमवार को जलाभिषेक के लिए कछला गंगा घाट से गंगाजल लेकर शिवभक्तों की टोलियां अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रही हैं। बरेली-मथुरा हाईवे पर बृहस्पतिवार को सुबह से ही ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल शिवमय बना रहा। दूर-दराज से आए कांवड़िए कंधे पर वजनी कांवड़ उठाए, डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-गाते निकले तो देखने वालों का हुजूम लग गया।
बताते चलें कि पूरे श्रावण मास कछला गंगा घाट पर लाखों शिवभक्तों का सैलाब उमड़ता है। यहां से गंगाजल भरकर कांवड़िए अपने-अपने नगर, गांव के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। इस बार सावन के अंतिम सोमवार को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
सबसे अलग नजारा पीलीभीत और पूरनपुर से आई कांवड़ियों की टोलियों का रहा। इन टोलियों ने एक अनोखी परंपरा निभा रखी है। रास्ते में जगह-जगह लगे भंडारों में ये प्रसाद ग्रहण नहीं करते हैं। टोली के सदस्य खुद ही रास्ते में रुककर चूल्हा जलाकर भोजन बनाते हैं और एक साथ बैठकर खाते हैं।
जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो कांवड़ियों ने कहा – हम कष्ट उठाकर भोलेनाथ के लिए जल लेकर जा रहे हैं। रास्ते में किसी और के भंडारे का खाना खाकर अपना पुण्य हम किसी और को क्यों दें। उनकी इस आस्था और नियम की हर कोई सराहना कर रहा है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



