5:43 pm Thursday , 20 August 2026
BREAKING NEWS

एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन, छात्रों को दिया विकसित भारत का संकल्प

एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन, छात्रों को दिया विकसित भारत का संकल्प।

उझानी-बदांयू 20 अगस्त।

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में बृहस्पतिवार को नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर उन्हें सकारात्मक और आध्यात्मिक जीवन शैली की ओर प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारत युवाओं का देश है, लेकिन दुर्भाग्यवश देश की अगली पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है। युवाओं का नशे से जुड़ी गतिविधियों में लिप्त होना स्वयं उनके और राष्ट्र दोनों के हित में नहीं है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के तहत स्कूल ने यह जागरूकता अभियान चलाया।

शिविर में नशा मुक्ति अभियान उन्नाव की टीम ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। टीम ने छात्रों को बुरी आदतों से दूर रहने, मानसिक शांति पाने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन और सकारात्मक जीवन शैली से मन को मजबूत बनाने के तरीके बताए। टीम में नरोरा से आईं रागिनी बहनजी, पुष्पा बहनजी, मीरा बहनजी, अंजना बहनजी, घनश्याम भाईजी और सत्यप्रकाश भाईजी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल की चेयरपर्सन श्रीमती पूनम अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और मुख्य अतिथि रागिनी बहनजी को शॉल ओढ़ाकर व स्कूल का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चों को नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए, दूसरों की मदद करनी चाहिए और नशा मुक्त समाज बनाकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

विज्ञापन एक्सप्रेस