उझानी में जाम से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा पलटा, एक युवक घायल।
धर्मकांटे के पास गड्ढे में पहिया फंसने से हुआ हादसा, सीएचसी में इलाज के बाद छुट्टी।
उझानी-बदांयू 20 अगस्त।
उझानी-कादरचौक मार्ग पर बीती शाम जाम से बचने की जद्दोजहद में एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक घायल हो गया। राहगीरों की मदद से रिक्शा सीधा कर घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया।
जानकारी के अनुसार अढौली रोड पर रेलवे फाटक से निकलते ही रोजाना जाम लगना आम हो गया है। बीती शाम करीब 5 बजे खिरिया बाकरपुर निवासी रमेश अपने ई-रिक्शा में पांच सवारियों को बैठाकर उझानी आ रहा था। पंखा रोड पर लगा लंबा जाम देखकर उसने रिक्शा निकालने के लिए किनारे से रास्ता बनाने का प्रयास किया।
इसी दौरान धर्मकांटे के पास सड़क पर बने एक गड्ढे में ई-रिक्शा का पहिया फंस गया और वाहन संतुलन बिगड़कर पलट गया। इसमें सवार शिवकुमार उम्र 30 वर्ष पुत्र चंद्रपाल निवासी खिरिया बाकरपुर को चोटें आईं।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रिक्शा सीधा किया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल शिवकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर मरहम-पट्टी की। हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अढौली रोड से लेकर पंखा रोड तक जाम और गड्ढों की वजह से रोजाना वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम से बचने के चक्कर में अक्सर छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से फाटक के पास ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क के गड्ढे भरवाने की मांग की है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



