उझानी में तैलिक महासभा का आयोजन, मंत्री राकेश राठौर ने दिया ‘एकता’ का मूलमंत्र।





राजनीति में मजबूत भागीदारी के लिए समाज को एकजुट होने का आह्वान, मेधावियों और गणमान्यों को किया सम्मानित।
उझानी-बदांयू 20 अगस्त।
अखिल भारतीय तैलिक महासभा के तत्वावधान में बुधवार को उझानी में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकता, राजनीतिक भागीदारी, शिक्षा और व्यापार को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरुजी रहे। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में मजबूत भागीदारी तभी संभव है जब समाज एकजुट होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करे। उन्होंने समाज के लोगों को पांच मूलमंत्र दिए, जिनमें एकता को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
मंत्री राठौर ने कहा, यदि समाज के लोग एकजुट रहेंगे तो राजनीति में उनकी भागीदारी निश्चित रूप से बढ़ेगी। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर, अनुप्रिया पटेल और जयंत चौधरी जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि इन्हें भी समाज की राजनीतिक एकजुटता के कारण ही आगे बढ़ने का अवसर मिला।
उन्होंने भाजपा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा किसी भी सामान्य कार्यकर्ता को उसकी मेहनत और लगन के बल पर संगठन में शीर्ष पद तक पहुंचा सकती है। अपने राजनीतिक सफ़र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह पहले एक स्कूटर मैकेनिक थे और आज इस मुकाम पर हैं।
राज्यमंत्री ने समाज से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और आपसी संवाद को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने समाज के उत्थान को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि इसके लिए शिक्षा के साथ-साथ व्यापार को भी बढ़ावा देना होगा। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और समाज के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अनुशासन की सराहना करते हुए मंत्री ने आयोजकों और संयोजक को बधाई दी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य बैंक के उपसभापति रविन्द्र सिंह राठौर, पूनम राठौर, उमेश राठौर उधोगपति संजीव साहू, सुशील कुमार साहू, चंद्र भान साहू सहित समाज के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में समाज की एकता, शिक्षा, व्यापार और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने पर बल दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



