11:45 am Thursday , 20 August 2026
BREAKING NEWS

कछला: आबादी वाले इलाके में निकला कई फीट लंबा मगरमच्छ, मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

कछला: आबादी वाले इलाके में निकला कई फीट लंबा मगरमच्छ, मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

उझानी-बदांयू 20 अगस्त।

बदायूं जिले के कछला कस्बे में बुधवार सुबह आबादी वाले क्षेत्र में कई फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उझानी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक की है। मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग और नगर पंचायत की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर गंगा नदी में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे गंगा नदी के करीब स्थित वार्ड नंबर एक की सड़क पर लोगों ने मगरमच्छ देखा। आबादी वाले इलाके में मगरमच्छ के पहुंचने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हालांकि लोगों ने सतर्कता बरतते हुए मगरमच्छ से दूरी बनाए रखी और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। वनकर्मियों ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।

वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गई और बाद में उसे ढकनगला गांव के पास गंगा नदी में छोड़ दिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में वन दरोगा शुभम प्रताप सिंह, वन दरोगा आदित्य गंगवार और वनरक्षक विकेंद्र कुमार शामिल रहे।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे के इलाकों में सतर्क रहें और वन्यजीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

विज्ञापन एक्सप्रेस