उझानी में टूटे नाले से मचा हाहाकार, सड़क पर बह रही “गंगा” कोल्ड स्टोरेज और बैंकेट हॉल में घुसा पानी
।
उझानी-बदांयू 19 अगस्त।
उझानी कस्बे में बदायूं रोड पर बंद पड़े एपीएस पेट्रोल पंप के सामने बना नाला टूट जाने से बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। सरौरा गांव का पूरा पानी सीधे ज्ञान कोल्ड स्टोरेज और पास के बैंकेट हॉल में घुस गया। ब्लाक मुख्यालय के सामने सड़क पर इतना पानी भर गया कि लग रहा था जैसे गंगा जी बह रही हों। पानी के कारण बाइक सवारों को गिरकर चोट लगने की नौबत आई।
कोल्ड स्टोरेज परिसर के बाहर ही मीटर रूम और ट्रांसफार्मर लगा है। नाले का गंदा पानी मीटर रूम में भर गया और ट्रांसफार्मर के आसपास भी पानी जमा हो गया। हादसे की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने बाल्टी से पानी निकालकर किसी तरह मशीनों को बचाया। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर समय पर पानी नहीं निकाला जाता तो शॉर्ट सर्किट या करंट लगने से बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रांसफार्मर के पास पानी भरा होने से आने-जाने वाले लोगों को भी करंट लगने का खतरा बना हुआ है।
लगातार पानी भरने से कोल्ड स्टोरेज की बाहरी दीवार भी कमजोर हो गई है। दीवार के गिरने का खतरा बना हुआ है, बैंकेट हॉल में पानी भर जाने से वहां बुक हुए कई कार्यक्रम भी प्रभावित हुए।
लोगों ने बताया कि यह नाला पहले बना हुआ था लेकिन सालों से इसकी सफाई और मरम्मत नहीं हुई। बरसात आते ही सरौरा गांव का पूरा पानी इसी रास्ते से होकर गुजरता है और निकासी न होने के कारण कोल्ड स्टोरेज परिसर और मुख्य सड़क पर भर जाता है।
स्थानीय लोगों और कोल्ड स्टोरेज कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि टूटे नाले की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ट्रांसफार्मर के आसपास बैरिकेडिंग की जाए और पानी की निकासी का स्थायी इंतजाम किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन जान-माल का बड़ा नुकसान तय है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com



